
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : जनता दल यूनाइटेड (जदयू), उत्तर प्रदेश के लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में मंगलवार, 24 नवंबर को दीप प्रज्वलित कर सुशासन दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के नेतृत्व, सुशासन, सामाजिक न्याय और विकास के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को बिहार की सत्ता संभालने के बाद नीतीश कुमार ने राज्य में विकास, सुशासन और सामाजिक न्याय को लेकर विभिन्न पहल कीं। उनके नेतृत्व में बिहार में शिक्षा, आधारभूत संरचना, सामाजिक समरसता और जनकल्याण से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी गई।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि नीतीश कुमार ने समाजवादी विचारधारा को व्यवहार में उतारते हुए समाज के विभिन्न वर्गों तक विकास और जनकल्याण का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया है। उनके कार्यकाल में सामाजिक न्याय और व्यावहारिक समाजवाद से जुड़े मुद्दों को राजनीतिक एवं प्रशासनिक विमर्श में प्रमुखता मिली।
इस अवसर पर जनता दल यूनाइटेड, उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने नीतीश कुमार के स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही उनके विचारों, आदर्शों और जनकल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सुशासन, सामाजिक न्याय और विकास के सिद्धांतों को आगे बढ़ाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नीतीश कुमार का मार्गदर्शन एवं स्नेह संगठन के कार्यकर्ताओं को आगे भी मिलता रहेगा।
कार्यक्रम का समापन पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों के प्रति प्रतिबद्धता दोहराने के साथ हुआ।
