बीबीएयू में तीन शोध परियोजनाओं की समीक्षा, संस्कृत एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को तकनीक से जोड़ने पर जोर

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के संस्कृत एवं वैदिक अध्ययन विभाग की ओर से तीन महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं शोध परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। डॉ. बिपिन कुमार झा के मुख्य अन्वेषकत्व में आयोजित इन बैठकों की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य राज कुमार मित्तल ने की। इस अवसर पर संस्कृत एवं भारतीय विद्याध्ययन पीठ के अध्यक्ष प्रो. रामपाल गंगवार का मार्गदर्शन तथा विभागाध्यक्ष प्रो. रिपुसूदन सिंह का सहयोग प्राप्त हुआ।

बैठक का उद्देश्य संचालित परियोजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और भावी कार्ययोजनाओं की समीक्षा कर उन्हें गुणवत्तापूर्ण एवं परिणामोन्मुख बनाना था। इसमें जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग, लखनऊ विश्वविद्यालय, बीरबल साहनी पुराविज्ञान संस्थान सहित विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने हाइब्रिड माध्यम से भाग लिया।

बैठक में वैज्ञानिक तथा तकनीकी शब्दावली आयोग (CSTT), विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय (CSU) द्वारा वित्तपोषित तीन परियोजनाओं की समीक्षा की गई। इनमें वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली का निर्माण एवं मानकीकरण, संस्कृत काव्यशास्त्र के परिप्रेक्ष्य में सौंदर्यशास्त्र के शिक्षण मॉड्यूल का विकास तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के प्राचीन ज्ञान एवं प्रविधियों का आधुनिक तकनीक से संरक्षण और डिजिटलीकरण शामिल हैं।

यूजीसी वित्तपोषित ‘सौन्दर्यशास्त्रम् : काव्यशास्त्रीयपरिप्रेक्ष्ये’ परियोजना के तहत विकसित 40 शिक्षण मॉड्यूल की समीक्षा की गई। संस्कृत एवं अंग्रेजी में तैयार इन मॉड्यूल का उपयोग स्नातक, परास्नातक और पीएचडी विद्यार्थियों के लिए किया जाएगा। इन्हें SWAYAM एवं MOOCs प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की योजना है।

वहीं, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की परियोजना के अंतर्गत उपनिषदों में उपलब्ध ज्ञानपरक एवं नीतिपरक सामग्री के संकलन और डिजिटलीकरण पर चर्चा हुई।

विशेषज्ञों ने शोध की गुणवत्ता, प्रामाणिकता और तकनीकी उपयोगिता बढ़ाने के सुझाव दिए। यह आयोजन भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button