
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मझगवां : कृषि विज्ञान केंद्र, सतना में भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR-IARI), नई दिल्ली के शस्य विज्ञान संभाग द्वारा मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के वित्तीय सहयोग से संचालित परियोजना के अंतर्गत किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें 204 किसान एवं महिला कृषकों ने सहभागिता की। गोष्ठी का उद्देश्य किसानों को किण्वित जैविक खाद (एफओएम), प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण और संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में परियोजना समन्वयक एवं ICAR-IARI के शस्य विज्ञान संभाग प्रमुख डॉ. एसएस राठौर ने किसानों को टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने तथा जैविक संसाधनों के समुचित उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण दीर्घकालिक कृषि उत्पादकता के लिए आवश्यक है।

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रवीण कुमार उपाध्याय ने परियोजना के उद्देश्यों, गतिविधियों और किण्वित जैविक खाद के उत्पादन एवं उपयोग की जानकारी दी। डॉ. विशाल त्यागी ने बताया कि जैविक खाद के उचित उपयोग से मिट्टी में कार्बनिक पदार्थ, संरचना और सूक्ष्मजीव गतिविधियों में सुधार हो सकता है। उन्होंने एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने पर जोर दिया।
डॉ. अर्जुन सिंह ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना, मिट्टी के नमूने लेने की वैज्ञानिक विधि और मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के संतुलित उपयोग की जानकारी दी। कृषि विज्ञान केंद्र सतना के प्रमुख डॉ. नवीन शर्मा ने स्थानीय जैविक संसाधनों के उपयोग और जैविक खाद निर्माण के बारे में बताया।

दीनदयाल शोध संस्थान के सह-संगठन सचिव अनिल अग्रवाल ने प्राकृतिक खेती और ग्रामीण स्वावलंबन पर विचार रखे। कार्यक्रम में मझगवां के अनुविभागीय कृषि अधिकारी भी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कृषि एवं मृदा स्वास्थ्य विषयक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। सही उत्तर देने वाले किसानों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। विशेषज्ञों ने किसानों की समस्याओं का समाधान करते हुए वैज्ञानिक खेती अपनाने की सलाह दी।