68,500 शिक्षक भर्ती की आरक्षण विसंगति को लेकर अभ्यर्थियों ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से की मुलाकात

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : 68,500 सहायक अध्यापक भर्ती-2018 में आरक्षण संबंधी विसंगतियों को दूर करने की मांग को लेकर पिछले 73 दिनों से ईको गार्डन में अनवरत धरना दे रहे अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद पंकज चौधरी से मुलाकात की। इस दौरान अभ्यर्थियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपकर आठ वर्षों से लंबित प्रकरण में शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की।

धरने का नेतृत्व कर रहे अभ्यर्थी तूफान सिंह और आशुतोष वर्मा ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया में आरक्षण विसंगतियों को दूर कराने के लिए अभ्यर्थी पिछले आठ वर्षों से संघर्ष कर रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग एवं राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेशों और संस्तुतियों का अनुपालन करते हुए ओबीसी वर्ग के पात्र अभ्यर्थियों को आरक्षण का लाभ दिया जाए। इसके साथ ही संशोधित परिणाम जारी कर पात्र अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की जाए।

अभ्यर्थियों ने दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके आश्रित अभ्यर्थियों को भी नियमानुसार आरक्षण का लाभ देने की मांग उठाई।

तूफान सिंह ने बताया कि अभ्यर्थी पूर्व में प्रदेश सरकार के कई कैबिनेट मंत्रियों, बेसिक शिक्षा विभाग के जिम्मेदार मंत्रियों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर भी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर चुके हैं। हर बार कार्रवाई का आश्वासन मिला, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

प्रतिनिधिमंडल में तूफान सिंह, आशुतोष वर्मा और नवीन चौधरी सहित अन्य अभ्यर्थी शामिल रहे। ज्ञापन लेने के बाद पंकज चौधरी ने आश्वस्त किया कि मामले में वार्ता चल रही है। वह स्वयं इसका समाधान कराने और अभ्यर्थियों को जल्द न्याय दिलाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार दलितों और पिछड़ों के साथ है तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं होने दिया जाएगा।

अभ्यर्थियों ने उम्मीद जताई कि प्रदेश अध्यक्ष के हस्तक्षेप से लंबे समय से लंबित प्रकरण में जल्द सकारात्मक निर्णय होगा।

Related Articles

Back to top button