
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट-मझगवां, सतना : भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव वर्ष के अंतर्गत दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह का मुख्य एवं वृहद आयोजन 15 नवंबर को सतना जिले के मझगवां जनपद के जनजातीय बाहुल्य ग्राम बांका में होगा।

इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा की विशाल प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। साथ ही मानस पाठ, विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण का आयोजन होगा। कार्यक्रम में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों की सहभागिता रहेगी। मंचीय कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र वितरण तथा प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
आयोजन की तैयारियों को लेकर कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां में विस्तृत व्यवस्था बैठक हुई। इसमें दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन, सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल, खंड कार्यवाह विज्ञान चंद्र विश्वकर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता चूणामणि सिंह, डीआरआई के महाप्रबंधक डॉ. अनिल जायसवाल तथा केवीके के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रभारी डॉ. नवीन शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में अभय महाजन ने कहा कि यह आयोजन सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। इसका उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों में विकास और बेहतरी का वातावरण तैयार करना तथा समाज के सभी वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी और सामूहिक सहयोग से ही आयोजन को स्थायी एवं अविस्मरणीय बनाया जा सकता है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए संस्थान के कार्यकर्ता ग्रामीण केंद्रों पर लगातार संपर्क कर रहे हैं। कृष्णा देवी बनवासी बालिका आवासीय विद्यालय एवं कृषि विज्ञान केंद्र की टीम घर-घर जाकर भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर आधारित पुस्तिकाएं और कैलेंडर वितरित कर ग्रामीणों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दे रही है।