
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर व्यापक इंतजाम किए हैं। विशेष रूप से बिहार और देश के पूर्वी हिस्सों की ओर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है। रेलवे ने यात्रियों की मांग और भीड़ के अनुसार अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाने की भी व्यवस्था की है।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, बुधवार 11 नवंबर 2026 को दिल्ली क्षेत्र के विभिन्न स्टेशनों से कुल 34 विशेष रेलगाड़ियां चलाई गईं। इनमें 31 निर्धारित और तीन अनिर्धारित विशेष ट्रेनें शामिल थीं। नई दिल्ली से 12, आनंद विहार से 9, शकूरबस्ती से 7, हजरत निजामुद्दीन से 4, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक विशेष ट्रेन संचालित की गई।
वहीं, गुरुवार 12 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से कुल 31 विशेष रेलगाड़ियों का संचालन निर्धारित है। इनमें नई दिल्ली से 9, आनंद विहार टर्मिनल से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से 5, दिल्ली जंक्शन से 3, रोहतक से एक और दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक ट्रेन शामिल है।
इसी क्रम में शुक्रवार 13 नवंबर को दिल्ली क्षेत्र से 24 विशेष रेलगाड़ियां चलाने की योजना है। इनमें नई दिल्ली से 9, आनंद विहार से 7, शकूरबस्ती से 5, हजरत निजामुद्दीन से एक, दिल्ली जंक्शन से एक और रोहतक से एक ट्रेन शामिल होगी।
रेलवे के अनुसार, त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा, भीड़ नियंत्रण और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त अनारक्षित विशेष रेलगाड़ियां भी चलाई जाएंगी।