
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की सहायक लेखाकार एवं लेखा परीक्षक भर्ती-2023 के चयनित अभ्यर्थी नियुक्ति पत्र के इंतजार में मानसिक परेशानी से गुजर रहे हैं। आयोग द्वारा 12 अगस्त 2026 को 1643 पदों पर अंतिम परिणाम घोषित किए जाने के बावजूद करीब तीन महीने बीतने पर भी अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं मिल सकी है। पिछले माह मेडिकल परीक्षण और पुलिस वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी नियुक्ति प्रक्रिया में कोई खास प्रगति नहीं हुई है।
आयोग की विज्ञप्ति संख्या 03-परीक्षा/2024 के तहत भर्ती के लिए 20 फरवरी से 11 मार्च 2024 तक आवेदन लिए गए थे। इसकी मुख्य परीक्षा 16 फरवरी 2025 को आयोजित की गई थी। लंबी चयन प्रक्रिया पूरी होने और अंतिम परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति की उम्मीद थी, लेकिन अब तक उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं मिला है।
चयनित अभ्यर्थियों का कहना है कि सामान्यतः स्वास्थ्य परीक्षण के बाद नियुक्ति प्रदान कर दी जाती है। दस्तावेजों एवं अन्य आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया दो वर्ष की परिवीक्षा अवधि के दौरान भी पूरी की जा सकती है। इस संबंध में प्रमुख सचिव, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा हाल ही में शासनादेश भी जारी किया गया है।
अभ्यर्थियों ने नियुक्ति में हो रही देरी पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनके बाद परिणाम घोषित होने वाली ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी है। वहीं, राजस्व विभाग की कनिष्ठ सहायक भर्ती के नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है।
अभ्यर्थियों ने उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षक निदेशालय तक अपनी गुहार लगाई है, लेकिन हर जगह दस्तावेज सत्यापन का हवाला दिया जा रहा है। चयनित अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की है कि नियुक्ति प्रक्रिया में अनावश्यक देरी समाप्त कर तत्काल नियुक्ति पत्र जारी किए जाएं।