
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल ने बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ विशेष टिकट जांच अभियान चलाया। 10 नवंबर 2026 को लखनऊ-बरेली-लखनऊ रेलखंड पर चलाए गए इस अभियान में कुल 573 यात्रियों को अनियमित यात्रा करते हुए पकड़ा गया। रेलवे ने किराये और जुर्माने के रूप में कुल 4 लाख 71 हजार 575 रुपये की वसूली की।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता के मार्गदर्शन तथा सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक मोहित कुमार मेहंदीरत्ता के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान लखनऊ से बरेली और वापसी दिशा में संचालित ट्रेन संख्या 15127, 14207 और 14524 में यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई।
इस जांच अभियान में टिकट चेकिंग विभाग के छह कर्मचारियों के साथ रेलवे सुरक्षा बल के तीन पुरुष और एक महिला जवान सहित कुल 10 सदस्यीय टीम शामिल रही। इसके अतिरिक्त वापसी दिशा में उसी दिन ट्रेन संख्या 12556 और 11124 में भी विशेष टिकट जांच की गई।

रेलवे के अनुसार, अभियान के दौरान पकड़े गए 573 मामलों में किराये के रूप में 1,85,952 रुपये और जुर्माने के रूप में 2,85,623 रुपये वसूले गए। इस प्रकार कुल 4,71,575 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
उत्तर रेलवे प्रशासन ने बताया कि बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के विरुद्ध आकस्मिक एवं सघन जांच अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य रेलवे के राजस्व की सुरक्षा करने के साथ यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान हमेशा उचित एवं वैध टिकट लेकर ही सफर करें और रेल नियमों का पालन करें।