बृज की रसोई ने जरूरतमंद परिवारों के साथ मनाई दीपावली, बांटे 1450 लड्डू बॉक्स और बच्चों को आतिशबाजी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : दीपावली के पावन अवसर पर जरूरतमंद परिवारों और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने के उद्देश्य से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प ‘बृज की रसोई’ ने सराहनीय पहल की। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की दिव्य कृपा से संस्था की ओर से जरूरतमंद परिवारों के बीच पौष्टिक भोजन के साथ 1450 लड्डू बॉक्स वितरित किए गए। वहीं बच्चों को आतिशबाजी भी भेंट की गई।

इस सेवा अभियान के तहत संस्था के सदस्यों और स्वयंसेवकों ने जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस पहल से बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आई और समाज में समानता, सामाजिक समरसता तथा भाईचारे का संदेश दिया गया।

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता तभी है, जब समाज का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुशियों से वंचित न रहे। बृज की रसोई का उद्देश्य सेवा और सहयोग के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, अपनत्व और खुशियां पहुंचाना है। दीपावली की असली मिठास दूसरों के जीवन में खुशियां बांटने में है।

उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। उन्होंने बताया कि बृज की रसोई के माध्यम से प्रत्येक रविवार जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाता है।

अभियान में जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, शैलेश बाजपेई, अनुराग दुबे, आशीष श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, दीपक भुटियानी, सत्यम वर्मा, सर्वजीत रावत, मुकेश कनौजिया, उमाशंकर यादव और गीता प्रजापति सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।

संस्था ने लोगों से अपील की कि वे त्योहारों पर जरूरतमंदों के साथ खुशियां साझा करने को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी बनाएं।

Related Articles

Back to top button