
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए लखनऊ से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) तक एकतरफा आरक्षित त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाड़ी संख्या 04258 लखनऊ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस विशेष एक्सप्रेस का संचालन 10 नवंबर 2026 को किया जाएगा।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, यह विशेष ट्रेन लखनऊ रेलवे स्टेशन से रात 9:45 बजे प्रस्थान करेगी। रास्ते में उन्नाव जंक्शन पर रात 10:53 बजे पहुंचेगी और 10:55 बजे रवाना होगी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड, इगतपुरी, कल्याण और ठाणे स्टेशनों पर ठहराव करते हुए अगले दिन सुबह 3:35 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।
इस विशेष ट्रेन में कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें वातानुकूलित श्रेणी, शयनयान श्रेणी और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल होंगे। इससे मुंबई और रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से संबंधित जानकारी, ट्रेन की स्थिति और अन्य सुविधाओं के लिए रेलवन (RailOne) ऐप का इस्तेमाल करें। इसके अलावा किसी भी रेल संबंधी सहायता और शिकायत के लिए रेलवे की हेल्पलाइन संख्या 139 पर संपर्क किया जा सकता है।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा और अतिरिक्त यातायात को देखते हुए विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।