
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : दीपावली पर्व के अवसर पर चित्रकूट आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के उद्देश्य से महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय एवं कामदगिरि माइक्रो फाइनेंस एंड एंटरप्राइजेज के संयुक्त तत्वावधान में ‘कामद सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने श्रद्धालुओं को भोजन प्रसाद वितरित कर किया।
इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे पुनीत और अनुकरणीय पहल बताया। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सेवा तथा जरूरतमंदों की सहायता करना भारतीय संस्कृति के मूल आदर्शों में शामिल है। इस तरह के आयोजन समाज में संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। उन्होंने सेवा कार्यों में युवाओं की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।

विश्वविद्यालय के प्रबंधन संकाय के अधिष्ठाता प्रो. देवेंद्र प्रसाद पाण्डेय ने बताया कि ‘कामद सेवा’ का आयोजन विश्वविद्यालय और कामदगिरि माइक्रो फाइनेंस एंड एंटरप्राइजेज के संयुक्त सहयोग से किया गया। उन्होंने बताया कि इस कंपनी की सह-स्थापना प्रबंधन संकाय के दो पूर्व विद्यार्थियों रवि कुमार और कोमल कुमार ने की है।
कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग एक हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। इस आयोजन में विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और कंपनी के कर्मचारियों ने स्वैच्छिक रूप से सहभागिता की तथा श्रद्धालुओं को भोजन वितरित करने में सहयोग किया।

आयोजकों ने कहा कि दीपावली जैसे पर्व पर श्रद्धालुओं की सेवा के माध्यम से सामाजिक सहभागिता और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। इस पहल ने शिक्षा जगत, युवाओं और उद्यमिता क्षेत्र को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का संदेश दिया।
