
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, संरक्षा और पूजा स्पेशल ट्रेनों के सुचारु संचालन को लेकर वाराणसी मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने सोमवार, 9 नवंबर 2026 को वाराणसी सिटी-छपरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने यात्री बाहुल्य स्टेशनों पर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में डीआरएम बलिया रेलवे स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने छठ पूजा के मद्देनजर बनाए गए यात्री आश्रय केंद्र का निरीक्षण किया। केंद्र में विद्युत प्रकाश, पंखे, शुद्ध पेयजल, मोबाइल यूटीएस टिकटिंग, प्राथमिक चिकित्सा बूथ, जन उद्घोषणा प्रणाली और वीडियो पैनलों की व्यवस्था देखी। उन्होंने अतिरिक्त मोबाइल चार्जिंग पॉइंट लगाने तथा सुविधाओं की जानकारी देने के लिए बैनर-पोस्टर लगाने के निर्देश दिए।

डीआरएम ने स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ की निगरानी के लिए 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भगदड़ और आगजनी जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए पर्याप्त अग्निशमन उपकरण, प्लेटफार्मों पर स्पष्ट सीमांकन और बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही रेलवे अधिकारियों की चौबीसों घंटे शिफ्टवार ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

यात्रियों की सुविधा के लिए सहायता बूथ को 24 घंटे संचालित रखने, टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाने तथा एटीवीएम और मोबाइल यूटीएस टिकटिंग की व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने प्लेटफार्म पहले से निर्धारित रखने, सीसीटीवी से निगरानी, कतारबद्ध आवागमन और फुट ओवरब्रिज पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए पर्याप्त आरपीएफ जवानों की तैनाती के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा। निरीक्षण में मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
