
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : छठ महापर्व के मद्देनजर नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने महापौर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार के साथ शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री सबसे पहले कल्याणपुर पिकनिक स्पॉट स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने पर्व को लेकर की जा रही तैयारियों, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद वह लक्ष्मण मेला पार्क स्थित छठ घाट पहुंचे और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, श्रद्धा और भारतीय सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नदी और जलाशयों के घाटों पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में सभी घाटों पर स्वच्छता, प्रकाश, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाएं समय से उपलब्ध कराना जरूरी है।
उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि घाटों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम, प्रभावी भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

महापौर सुषमा खर्कवाल ने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर निगम और अन्य विभाग बेहतर समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, ताकि श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ छठ महापर्व मना सकें।
