दीपावली मेले में श्रद्धालुओं के लिए ग्रामोदय विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवकों ने खोला निःशुल्क प्याऊ

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : दीपावली मेले में देशभर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा के लिए महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों ने सराहनीय पहल की है। स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर निःशुल्क पेयजल प्याऊ की व्यवस्था की है, जहां श्रद्धालुओं को लगातार स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।

इस सेवा कार्य के माध्यम से एनएसएस के स्वयंसेवक मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों को राहत पहुंचा रहे हैं। स्वयंसेवक बारी-बारी से अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए प्याऊ का संचालन कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने स्वयंसेवकों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सामाजिक संवेदनशीलता, सहयोग और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। इस तरह के सेवा कार्यों से युवाओं में समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव मजबूत होता है।

व्यवस्था के सूत्रधार रविशंकर रैकवार ने बताया कि एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. उमेश कुमार शुक्ला के निर्देश पर स्वयंसेवकों की पालीवार ड्यूटी निर्धारित की गई है। सभी स्वयंसेवक व्यवस्थित ढंग से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button