
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. आलोक चौबे ने विश्वविद्यालय के सुरक्षा कर्मियों के बीच पहुंचकर उनके साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास और आत्मीयता के साथ मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सुरक्षा कर्मियों को दीपावली के उपहार भेंट किए और सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की शुभकामनाएं दीं।
कुलगुरु प्रो. चौबे ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था में सुरक्षा कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने में उनका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी सुरक्षा कर्मियों को सजगता, जिम्मेदारी और निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि दीपावली आपसी प्रेम, सौहार्द और खुशियां बांटने का पर्व है। ऐसे अवसर पर विश्वविद्यालय परिवार के प्रत्येक सदस्य के साथ खुशियां साझा करना आत्मीयता और एकजुटता का प्रतीक है।
कार्यक्रम के अंत में मुख्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. उमेश कुमार शुक्ला ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सुरक्षा कर्मियों के साथ डॉ. जय प्रकाश तिवारी, शिव शंकर मिश्रा और सत्य नारायण गर्ग ‘मुन्ना’ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।