डीआरएम गौरव अग्रवाल ने रेलकर्मियों और यात्रियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं

सूर्योदय भारत समाचार, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने दीपावली के पावन पर्व पर समस्त रेल कर्मचारियों, यात्रियों एवं उनके परिवारजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने का संदेश दिया।

डीआरएम ने यात्रियों से अपील की कि भारतीय रेल राष्ट्र की अमूल्य संपत्ति है, इसलिए इसकी सुरक्षा और संरक्षण में सभी सहयोग करें। यात्रा के दौरान ज्वलनशील एवं प्रतिबंधित पदार्थ लेकर न चलें तथा रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने, पायदान या छत पर लटककर यात्रा करने जैसी जोखिमपूर्ण गतिविधियों से बचने की सलाह दी।

उन्होंने कहा कि एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का उपयोग करें। स्टेशन परिसर और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें तथा रेलवे संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं।

डीआरएम ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख नगरों के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने यात्रियों से अग्रिम आरक्षण कराकर यात्रा की योजना बनाने की अपील की, ताकि भीड़ और असुविधा से बचा जा सके।

Related Articles

Back to top button