
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, गोरखपुर : पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने रेल उपयोगकर्ताओं, रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों को दीपावली और छठ पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर उन्होंने रेल यात्रियों से सुरक्षित यात्रा करने और रेलवे के नियमों का पालन करने की अपील की।
महाप्रबंधक ने कहा कि भारतीय रेल देश की महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति है, इसलिए इसकी सुरक्षा और स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान ट्रेनों में ज्वलनशील एवं विस्फोटक पदार्थ लेकर न चलें। ट्रेन की छत पर बैठकर या दरवाजे पर लटककर यात्रा न करें। स्टेशनों पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए पैदल उपरिगामी पुल (एफओबी), लिफ्ट अथवा एस्केलेटर का इस्तेमाल करें। रेल लाइन के किनारे भीड़ एकत्र करने से बचें तथा ट्रेनों और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखें।
बोरवणकर ने बताया कि दीपावली एवं छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेल प्रशासन प्रमुख नगरों से आने-जाने के लिए रिकॉर्ड संख्या में विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। उन्होंने यात्रियों से इन ट्रेनों में अग्रिम बर्थ आरक्षित कराकर सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा करने की अपील की।