
अशोक यादव, लखनऊ : 2 एमटी बटालियन, एएमसी सेंटर कैंट लखनऊ में आयोजित एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-222 का समापन समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। दस दिवसीय इस शिविर के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या में कैडेट्स ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया।

कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में कैडेट्स ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। मनमोहक नृत्य, मधुर गायन और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों के साथ कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को पुरस्कार एवं प्रशस्ति देकर सम्मानित किया गया। समारोह का विशेष आकर्षण रात्रिकालीन कैम्प फायर रहा, जिसमें कैडेट्स ने सामूहिक रूप से गीत-संगीत और मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया।

शिविर के समापन पर कैडेट्स ने अपने दस दिवसीय प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि शिविर में ड्रिल, फायरिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट, बैटल क्राफ्ट, सैन्य प्रशिक्षण तथा शारीरिक गतिविधियों का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त हुआ। इन गतिविधियों से उनमें अनुशासन, समयबद्धता, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास हुआ।

कैडेट्स ने कहा कि शिविर में सीखे गए कौशल और अनुभव उनके भविष्य के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे। समापन समारोह ने कैडेट्स में एकता, सहयोग और सामूहिकता की भावना को और मजबूत किया। यह शिविर उनके लिए प्रशिक्षण के साथ-साथ ज्ञान, मनोरंजन और अविस्मरणीय यादों का यादगार अनुभव बनकर संपन्न हुआ।

