राष्ट्रीय एकता दिवस पर दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे ने आयोजित की ‘रन फॉर यूनिटी’

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आज दिल्ली मंडल, उत्तर रेलवे द्वारा ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ हर्ष खरे, अपर महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे ने स्टेट एंट्री रोड, नई दिल्ली में ‘रन फॉर यूनिटी’ को हरी झंडी दिखाकर किया। इससे पूर्व उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

इस दौड़ में शामिल प्रतिभागियों ने स्टेट एंट्री रोड से दौड़ प्रारंभ कर कनॉट प्लेस के मिडिल सर्कल होते हुए रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी, पंचकुइयाँ रोड, नई दिल्ली तक अपनी सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी उत्तर रेलवे हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि इस अवसर पर पुष्पेश रमण त्रिपाठी, मंडल रेल प्रबंधक, दिल्ली सहित उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण करना तथा देशवासियों में एकता, सद्भाव और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करना था।

Related Articles

Back to top button