
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू), लखनऊ के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग में 30 अक्टूबर 2026 को KOHA एकीकृत पुस्तकालय प्रबंधन सॉफ्टवेयर प्रणाली पर आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ। 26 से 30 अक्टूबर तक आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल के मुख्य संरक्षकत्व में किया गया। इस अवसर पर प्रो. शिल्पी वर्मा, डीन एसआईएसटी तथा प्रो. के.एल. महावर संरक्षक के रूप में उपस्थित रहे।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि बेंगलुरु विश्वविद्यालय के प्रो. एम. रघुनंदना ने भारतीय पुस्तकालयों की बदलती जरूरतों के अनुरूप स्वदेशी एकीकृत पुस्तकालय प्रबंधन सॉफ्टवेयर प्रणालियों के विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी नवाचारों के माध्यम से पुस्तकालय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
विशिष्ट अतिथि रेडियो सीलोन, श्रीलंका की लाइब्रेरियन डॉ. एच. सुभाषिनी ने इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान के पाठ्यक्रम में शामिल करने की आवश्यकता बताई।
कार्यशाला के अध्यक्ष एवं विभागाध्यक्ष प्रो. शरद कुमार सोनकर ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुस्तकालय पेशेवरों के तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक दक्षता को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

पांच दिवसीय कार्यशाला में प्रतिभागियों को KOHA सॉफ्टवेयर का व्यावहारिक प्रशिक्षण, तकनीकी प्रदर्शन तथा पुस्तकालय प्रबंधन में इसके विभिन्न अनुप्रयोगों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों ने इसे उपयोगी बताते हुए अपने अनुभव साझा किए।
अंत में विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. विनीत कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए अतिथियों, विशेषज्ञों, आयोजकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
