आरपीएफ की पहली महिला महानिदेशक सोनाली मिश्रा को भावभीनी विदाई, 6वीं बटालियन में आयोजित हुई भव्य परेड

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की निवर्तमान महानिदेशक सुश्री सोनाली मिश्रा (आईपीएस) के सम्मान में 30 अक्टूबर को रेलवे सुरक्षा विशेष बल की छठी बटालियन (6BN/RPSF), दयाबस्ती में भव्य निरीक्षण सह विदाई परेड का आयोजन किया गया। 31 अक्टूबर 2026 को सेवानिवृत्त हो रहीं सोनाली मिश्रा आरपीएफ की पहली महिला महानिदेशक हैं।

समारोह में विभिन्न टुकड़ियों ने शानदार मार्च-पास्ट कर महानिदेशक को सलामी दी। सैन्य बैंड की मधुर धुनों के बीच सुश्री मिश्रा ने जवानों की वर्दी, अनुशासन, साज-सज्जा और प्रदर्शन का निरीक्षण किया। इस अवसर पर रेल मंत्रालय, आरपीएफ एवं आरपीएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सुश्री मिश्रा ने 1 अगस्त 2025 को आरपीएफ महानिदेशक का पदभार संभाला था। उनके कार्यकाल में बल के आधुनिकीकरण, प्रौद्योगिकी आधारित सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाने तथा रेलवे नेटवर्क और यात्रियों की सुरक्षा को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

मध्य प्रदेश कैडर की 1993 बैच की आईपीएस अधिकारी सोनाली मिश्रा को तीन दशक से अधिक का प्रशासनिक एवं पुलिसिंग अनुभव है। उन्होंने मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया। इसके अलावा कोसोवो में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के तहत सेवाएं दीं। बीएसएफ में कश्मीर एवं पंजाब फ्रंटियर की महानिरीक्षक तथा बीएसएफ अकादमी, टेकनपुर की निदेशक के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

विदाई समारोह में उन्होंने आरपीएफ के जवानों के समर्पण और चौबीसों घंटे रेलवे सुरक्षा सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह निरीक्षण केवल परेड का मूल्यांकन नहीं, बल्कि कमांडर और जवानों के बीच विश्वास एवं आत्मीयता का प्रतीक है।

Related Articles

Back to top button