
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : सतर्कता जागरूकता सप्ताह के पांचवें दिन उत्तर रेलवे के सतर्कता अधिकारियों एवं निरीक्षकों की टीमों ने दिल्ली क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों दिल्ली जंक्शन और हजरत निजामुद्दीन पर यात्री प्रतिक्रिया सर्वेक्षण आयोजित किया।
इस दौरान सतर्कता टीमों ने रेलवे यात्रियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों, समस्याओं और रेलवे सेवाओं में संभावित अनियमितताओं के संबंध में फीडबैक प्राप्त किया। यात्रियों से विशेष रूप से रेलवे में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा भ्रष्टाचार से जुड़े अनुभवों की जानकारी मांगी गई।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार इस पहल का मुख्य उद्देश्य यात्रियों के अनुभवों को समझना और रेलवे सेवाओं में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करना है। यात्रियों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं के आधार पर उत्तर रेलवे का सतर्कता विभाग विभिन्न प्रक्रियाओं एवं नीतियों में सुधार के लिए समस्या वाले क्षेत्रों की पहचान करेगा।

उत्तर रेलवे की इस पहल से भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी एवं यात्री हितैषी रेलवे व्यवस्था को बढ़ावा देने के प्रयासों को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
रेलवे प्रशासन का मानना है कि यात्रियों की सक्रिय भागीदारी और उनके सुझाव बेहतर सेवाएं प्रदान करने के साथ-साथ व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।