
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बरेली : केंद्रीय सतर्कता आयोग की ओर से 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में सोमवार को अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। इस वर्ष अभियान के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने और सुशासन के प्रति जागरूकता विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, विभिन्न विभागों के शाखाधिकारियों और रेलकर्मियों को सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा दिलाई। सभी ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करने तथा भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाने का संकल्प दोहराया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि सतर्कता को केवल किसी विशेष अभियान तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के दैनिक कार्य व्यवहार का अभिन्न हिस्सा बनाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों का पालन करके भ्रष्टाचार मुक्त कार्यसंस्कृति विकसित की जा सकती है। इससे रेलवे की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी और विश्वसनीय बनेगी तथा यात्रियों एवं आमजन का विश्वास मजबूत होगा।

अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार ने कहा कि सतर्कता और पारदर्शिता सुशासन के महत्वपूर्ण आधार हैं। प्रत्येक रेलकर्मी को अपने कार्यों में निष्पक्षता और उत्तरदायित्व का परिचय देना चाहिए। उन्होंने निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन करने, संगठन की गरिमा बनाए रखने और जनहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।
सतर्कता जागरूकता सप्ताह के माध्यम से रेलकर्मियों को नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करने तथा कार्यस्थल पर जवाबदेही बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य रेलवे में पारदर्शी व्यवस्था विकसित करना और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।