पमरे का बड़ा यांत्रिक नवाचार; भोपाल कारखाने ने पहली बार कॉइल स्प्रिंग बोगी को बदला एयर सस्पेंशन बोगी में

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जबलपुर : रेल यात्रियों के सफर को अधिक आरामदायक, सुरक्षित और कंपन-मुक्त बनाने की दिशा में पश्चिम मध्य रेल (पमरे) ने एक अभूतपूर्व तकनीकी सफलता हासिल की है। महाप्रबंधक के कुशल मार्गदर्शन में पमरे की भोपाल स्थित सवारी डिब्बा पुनर्वास कारखाना (CRWS, भोपाल) ने पहली बार पारंपरिक कॉइल स्प्रिंग बोगी को अत्याधुनिक एयर सस्पेंशन बोगी में सफलतापूर्वक परिवर्तित करने का कीर्तिमान स्थापित किया है।

इस आधुनिक एयर सस्पेंशन प्रणाली का सबसे बड़ा लाभ यह है कि यह तीव्र गति से चलने वाली ट्रेनों में यात्रा के दौरान लगने वाले तेज झटकों और कंपन को पूरी तरह अवशोषित कर लेती है। इससे लंबी दूरी का सफर तय करने वाले यात्रियों को हवाई यात्रा जैसा सुगम और आरामदायक अनुभव प्राप्त होगा।

मुख्य कारखाना प्रबंधक के मुस्तैद निर्देशन में इस जटिल यांत्रिक कार्य को धरातल पर उतारने के लिए कारखाने के भीतर ही एक विशेष कस्टमाइज्ड उपकरण (फिक्स्चर) तैयार किया गया। इसकी तकनीकी मदद से पुरानी बोगी के निचले ढांचे में एयर सस्पेंशन फिट करने हेतु चारों कंसोल और ब्रैकेटों को निर्धारित स्थान पर अत्यधिक सूक्ष्म सटीकता के साथ वेल्ड व स्थापित किया गया। पुराने कंसोल को काटकर नए कंसोल से बदलने का यह यांत्रिक कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसे कारखाने के कुशल कर्मचारियों व अभियंताओं ने अपनी तकनीकी दक्षता के बल पर सफलतापूर्वक पूरा किया। पमरे की यह स्वदेशी पहल भविष्य में अन्य सवारी डिब्बों के आधुनिकीकरण का मार्ग प्रशस्त करेगी।

Related Articles

Back to top button