
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जम्मू : जम्मू तवी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 06 एवं 07 पर मानवता और विधिक कर्तव्यनिष्ठा की एक विस्मयकारी मिसाल सामने आई है। ट्रेन संख्या 11077 झेलम एक्सप्रेस से उतरते ही एक यात्री को अचानक आए तीव्र हार्ट अटैक के कारण वह प्लेटफॉर्म पर बेसुध होकर गिर पड़ा।
उसी समय इलेक्ट्रिक विभाग में सहायक ए.सी. (AC) के पद पर मुस्तैदी से तैनात रेल कर्मचारी बबलू कुमार की नज़र पीड़ित पर पड़ी। उन्होंने बिना एक पल गंवाए त्वरित विधिक कार्रवाई करते हुए यात्री को तत्काल सीपीआर (CPR) देना शुरू किया। बबलू कुमार की इस सूझबूझ और प्राथमिक उपचार से यात्री की सांसें लौट आईं और उसे बड़ी राहत मिली। इसके बाद उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की त्वरित सहायता से एम्बुलेंस बुलाकर गंभीर यात्री को स्थायी इलाज हेतु तत्काल अस्पताल भिजवाया।
इस जीवन रक्षक साहसिक कार्य की सराहना करते हुए जम्मू के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) विवेक कुमार ने कहा कि बबलू कुमार ने अपनी त्वरित निर्णय क्षमता से एक अमूल्य जान बचाई है, जो पूरे रेल परिवार के लिए प्रेरणास्रोत है। जम्मू मंडल के जन सम्पर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह के अनुसार, रेल प्रशासन यात्रियों की सुरक्षित यात्रा और आपातकालीन सुरक्षा के लिए सदैव पूरी तरह कटिबद्ध है।
