
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : आगामी दशहरा और दीपावली त्योहारों के दृष्टिगत प्रदेशवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित नगरीय सुविधाएं एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने एक उच्चस्तरीय विभागीय समीक्षा बैठक की।

विर्चुअल माध्यम से आयोजित इस बैठक में मंत्री ए.के. शर्मा ने विशेष रूप से लखनऊ के फैजुल्लागंज के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जल निकासी के कार्यों को युद्ध स्तर पर पूरा करने तथा जलभराव वाले स्थानों पर सघन फॉगिंग व एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के कड़े विधिक निर्देश नगर निगम को दिए । उन्होंने नगर आयुक्तों को मंदिरों, पूजा पंडालों और मूर्ति विसर्जन मार्गों को तत्काल गड्ढामुक्त करने तथा वहां मुस्तैद स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने पूजा पंडालों और जुलूस मार्गों पर ढीले लटके तारों को तत्काल कसने तथा त्योहारों के दौरान रात्रि में निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के विधिक निर्देश दिए । इस शासकीय बैठक में प्रमुख सचिव नगर विकास पी. गुरु प्रसाद, प्रमुख सचिव ऊर्जा रणवीर प्रसाद तथा अपर निदेशक नगरीय निकाय श्रीमती ऋतु सुहास सहित सभी संबंधित नगर आयुक्त वर्चुअली जुड़े रहे ।