
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल प्रशासन ने मानवीय, संवेदनशील एवं कर्मचारी कल्याणकारी दृष्टिकोण का परिचय देते हुए एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मंडल के इंजीनियरिंग विभाग के तहत ट्रैक पर कठिन परिस्थितियों में कार्य करने वाली 15 पात्र महिला ट्रैकमेंटेनर्स (लेवल-1) का कैडर परिवर्तन कर दिया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक (DRM) गौरव अग्रवाल की सकारात्मक सोच और संवेदनशील पहल पर मण्डल कार्यालय द्वारा इन महिला कर्मियों को उनकी उच्च शैक्षिक योग्यता एवं पात्रता के अनुरूप अपेक्षाकृत सुगम, सुरक्षित एवं सम्मानजनक विभागों में नई तैनाती दी गई है। इसके अंतर्गत महिला कर्मचारियों को सहायक परिचालन, प्वाइंट्समैन-बी, सहायक सिग्नल एवं दूरसंचार, सहायक कैरिज एवं वैगन (खलासी हेल्पर) तथा सहायक टीएल एवं एसी जैसे पदों पर पदस्थापित किया गया है।
इस दूरदर्शी निर्णय से महिला रेलकर्मियों को धूप, मूसलाधार वर्षा एवं विषम भौगोलिक परिस्थितियों में किए जाने वाले कठोर शारीरिक श्रम से बड़ी राहत मिलेगी। रेल प्रशासन के इस कल्याणकारी निर्णय के बाद लखनऊ मंडल की महिला कर्मचारियों में भारी हर्ष का माहौल है और उन्होंने इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।

