
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, बीकानेर : उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने शनिवार को बीकानेर मंडल के दौरे के दौरान बीकानेर-चूरू रेल मार्ग, श्रीडूंगरगढ़, रतनगढ़ और चूरू रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे पुनर्विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं, रेल मार्ग के दोहरीकरण तथा संरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार महाप्रबंधक विशेष निरीक्षण कार (SPIC) से ट्रैक का निरीक्षण करते हुए श्रीडूंगरगढ़ पहुंचे। उन्होंने ट्रैक, सिग्नल, परिचालन और संरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। स्टेशन पर प्लेटफॉर्म का स्तर ऊंचा करने और लंबाई बढ़ाने के कार्य की प्रगति देखी तथा इन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।

इसके बाद रतनगढ़ स्टेशन पर अमृत भारत योजना के पुनर्विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय और टिकट खिड़की सहित विभिन्न सुविधाओं की समीक्षा की। रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने क्षेत्र की विभिन्न मांगों एवं यात्री सुविधाओं को लेकर महाप्रबंधक से चर्चा की।
चूरू स्टेशन पर महाप्रबंधक ने पुनर्विकास कार्यों की प्रगति देखी तथा सर्कुलेटिंग एरिया, उच्च श्रेणी प्रतीक्षालय, टिकट खिड़की और एकीकृत क्रू लॉबी का निरीक्षण किया। उन्होंने पत्रकारों से प्रेस वार्ता कर उत्तर पश्चिम रेलवे की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी भी दी।

संरक्षा संवाद में रेलकर्मियों की सुनी समस्याएं
महाप्रबंधक ने चूरू रनिंग रूम में कर्मचारियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद आयोजित संरक्षा संवाद में रनिंग स्टाफ से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने कहा कि सुरक्षित रेल संचालन सभी रेलकर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है और संरक्षा से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जा सकता। नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन करते हुए सतर्कता और समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक बीकानेर गौरव गोविल सहित मुख्यालय और बीकानेर मंडल के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
