
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर/बीकानेर : बीकानेर मंडल के नए वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र जोशी होंगे। जोशी इससे पहले बीकानेर मंडल में ही मंडल वाणिज्य प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। पदोन्नति के बाद उन्हें मौजूदा रिक्ति के विरुद्ध वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, बीकानेर मंडल के पद पर पदस्थापित किया गया है।
वीरेंद्र जोशी सरल एवं मृदु स्वभाव के साथ कार्य के प्रति सजग और कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं। मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने यात्री सुविधाओं के विस्तार, वाणिज्यिक कार्यों के बेहतर संचालन तथा विभागीय गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उनके कार्यकाल के दौरान वाणिज्य विभाग से जुड़े विभिन्न कार्यों के संचालन में सक्रियता और समन्वय देखने को मिला। पदोन्नति के बाद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक के रूप में उन्हें मंडल में वाणिज्य विभाग की जिम्मेदारियों को और व्यापक स्तर पर संभालना होगा।
रेलवे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उम्मीद है कि जोशी के अनुभव, कार्यकुशलता और प्रशासनिक क्षमता से बीकानेर मंडल में वाणिज्य विभाग की कार्यप्रणाली को नई गति मिलेगी। साथ ही यात्री सुविधाओं और वाणिज्यिक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने में भी उनके अनुभव का लाभ मंडल को प्राप्त होगा।
