
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : एचडीएफसी म्यूचुअल फंड ने भारत के तेजी से विकसित हो रहे फार्मा और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए अपने एचडीएफसी फार्मा एंड हेल्थकेयर फंड के प्रदर्शन की जानकारी साझा की है। फंड ने 31 जुलाई 2026 तक स्थापना के बाद से 30.19 प्रतिशत सीएजीआर तथा एक वर्ष की अवधि में 19.01 प्रतिशत रिटर्न दिया है। यह फंड 4 अक्टूबर 2023 को शुरू किया गया था।
फंड मुख्य रूप से फार्मा और हेल्थकेयर कंपनियों के इक्विटी एवं इक्विटी से संबंधित साधनों में निवेश करता है। इसमें फार्मास्यूटिकल्स, अस्पताल, स्वास्थ्य सेवा प्रदाता, जैव प्रौद्योगिकी, चिकित्सा उपकरण और आपूर्ति जैसे क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी नवनीत मुनोत ने कहा कि कंपनी का ध्यान ऐसे व्यवसायों की पहचान करने पर है, जो दीर्घकालिक विकास के रुझानों का लाभ उठाने की बेहतर स्थिति में हैं। फंड अनुसंधान आधारित निवेश दृष्टिकोण अपनाता है और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र के विभिन्न आयामों में अवसर तलाशता है।
भारत में बढ़ती स्वास्थ्य सेवाओं की मांग, स्वास्थ्य पर बढ़ता खर्च, निर्यात के अवसर, वृद्ध होती आबादी, जीवनशैली संबंधी बीमारियों में वृद्धि तथा बीमा की बढ़ती पहुंच से इस क्षेत्र के विस्तार की संभावनाएं मजबूत मानी जा रही हैं। हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया है कि म्यूचुअल फंड निवेश बाजार जोखिमों के अधीन हैं और पिछला प्रदर्शन भविष्य के रिटर्न की गारंटी नहीं है।