ग्रामोदय विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस समारोह, शिक्षकों के लिए AI का ज्ञान जरूरी

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कला संकाय अंतर्गत शिक्षा विभाग में शिक्षक दिवस समारोह उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन तथा मां सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण से हुआ। आईटीईपी के विद्यार्थियों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. श्याम सिंह गौर ने शिक्षक दिवस के महत्व तथा डॉ. राधाकृष्णन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। कुलसचिव प्रो. आञ्जनेय पाण्डेय ने कहा कि बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षकों के लिए शैक्षिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का ज्ञान आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी बदलाव के साथ शिक्षकों को भी निरंतर अपने ज्ञान एवं कौशल को अद्यतन करना होगा।

कला संकाय के अधिष्ठाता प्रो. कपिल देव मिश्र ने शिक्षक की भूमिका और महत्व पर प्रकाश डाला। कृषि संकाय के अधिष्ठाता प्रो. हरिशंकर कुशवाहा ने कहा कि अच्छा शिक्षक अपने विद्यार्थियों को हमेशा स्वयं से आगे बढ़ते देखना चाहता है। विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सूर्यकांत चतुर्वेदी ने शिक्षण व्यवस्था में आए बदलावों की चर्चा की।

समारोह में प्रो. प्रज्ञा मिश्रा ने कविता पाठ किया तथा प्रो. ललित कुमार सिंह ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन पर विचार रखे। डॉ. उमेश शुक्ला ने बाढ़ राहत कार्यों में विद्यार्थियों के सहयोग की सराहना की। संचालन आईटीईपी छात्र विशाल डांगी ने किया। अंत में डॉ. श्याम सिंह गौर ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Back to top button