रेल मंत्री वैष्णव और मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई के सीएसएमटी से सावंतवाड़ी रोड तक नई ट्रेन को हरी झण्डी दिखाई

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, मुंबई : रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अन्य गणमान्य हस्तियों ने गुरुवार छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और सावंतवाड़ी रोड के बीच नई ट्रेन की पहली सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मुंबई और कोंकण क्षेत्र के बीच सीधी रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

नई रेल सेवा मुंबई और कोंकण क्षेत्र के कई प्रमुख शहरों के बीच लगभग 510 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए एक महत्वपूर्ण सीधी रेल संपर्क प्रदान करेगी। व्यापक स्टॉपेज नेटवर्क के साथ, यह सेवा रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए लाभदायक होगी।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह नई रेल सेवा मुंबई और कोंकण के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुगमता के लिए इस वर्ष 350 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। आवश्यकता पड़ने पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाकर 370 करने की भी व्यवस्था की गई है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि यह नई सेवा कोंकण के लोगों, प्रवासी श्रमिकों और गणेश उत्सव के दौरान अपने पैतृक स्थानों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा उपहार है।

यह ट्रेन सीएसएमटी से रात 11:55 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन दोपहर 2:15 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। वापसी यात्रा में, ट्रेन सावंतवाड़ी रोड से शाम 5:20 बजे प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे सीएसएमटी पहुंचेगी। सुविधाजनक समय के कारण यात्री मुंबई से कोंकण की ओर रात भर की यात्रा कर सकेंगे और सुबह जल्दी मुंबई लौट सकेंगे।

यह ट्रेन प्रतिदिन ट्रेन संख्या 15087 छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस और ट्रेन संख्या 15088 सावंतवाड़ी रोड-छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी।

यह सेवा कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी, जिनमें शामिल हैं:- दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, मनगांव, वीर, खेड़, चिपलुन, सवर्दा, अरावली रोड, संगामेश्वर रोड, रत्नागिरि, अदावली, विलावडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव, कंकावली, सिंधुदुर्ग, कुदाल,सावंतवाड़ी रोड। इस व्यापक ठहराव व्यवस्था से यात्रियों को न केवल सावंतवाड़ी बल्कि कोंकण क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण कस्बों और इलाकों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी।

इस नई रेल सेवा से रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कंकावली, कुदल और सावंतवाड़ी जैसे पर्यटन स्थलों तक रेल संपर्क में सुधार होने से कोंकण क्षेत्र में पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल संपर्क से पर्यटकों की यात्रा सुगम होगी और साथ ही स्थानीय पर्यटन से जुड़े व्यवसायों और सेवाओं के लिए अधिक अवसर पैदा होंगे।

मुंबई उपनगरीय रेलवे नेटवर्क के बारे में बात करते हुए, वैष्णव ने इस बात पर जोर दिया कि क्षमता बढ़ाने और यात्री सेवाओं में सुधार के लिए कई बड़े कार्य चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई में लगभग 18,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं वर्तमान में चल रही हैं।

वैष्णव ने बताया कि रेलवे 12 डिब्बों वाली ट्रेनों के लिए बने प्लेटफार्मों को 15 डिब्बों वाली ट्रेनों के लिए समायोजित करने हेतु व्यवस्थित रूप से विस्तारित कर रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि इन पहलों से उपनगरीय रेलवे प्रणाली की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और मुंबईवासियों के दैनिक जीवन में सुधार आएगा।

वैष्णव ने आगे बताया कि रेलवे मुंबई उपनगरीय नेटवर्क की क्षमता और दक्षता में और सुधार करने के लिए मौजूदा सिग्नलिंग सिस्टम को आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम में अपग्रेड कर रहा है।

रेल मंत्री ने कहा कि मुंबई की तत्काल आवश्यकता को पूरा करने के लिए 238 नए एसी लोकल ट्रेन रैक भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने घोषणा की कि पहली एसी लोकल ट्रेन की डिलीवरी 2027 में शुरू होगी।

वैष्णव ने कहा कि इससे मुंबई उपनगरीय रेलवे प्रणाली में अत्याधुनिक वातानुकूलित लोकल ट्रेनों, बढ़ी हुई क्षमता और बेहतर यात्री सुविधा के साथ एक बड़ा बदलाव आएगा।

समर्पित माल ढुलाई गलियारों के विषय पर चर्चा करते हुए वैष्णव ने कहा कि पूर्वी और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे देश की एक प्रमुख ताकत हैं। उन्होंने बताया कि दोनों माल ढुलाई गलियारे अब 100 प्रतिशत पूर्ण हो चुके हैं।

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना पर वैष्णव ने कहा कि काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समुद्र के नीचे बन रही रेल सुरंग के निर्माण का विशेष उल्लेख किया, जो बीकेसी और ठाणे को जोड़ेगी। वर्तमान में, विक्रोली और घंसोली से दो सुरंग खोदने वाली मशीनें सुरंग पर काम कर रही हैं !

महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नरवेकर, महाराष्ट्र सरकार में बंदरगाह विकास और मत्स्य पालन मंत्री नितेश राणे और मुंबई की महापौर रितु तावड़े सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button