दीनदयाल शोध संस्थान द्वारा बाढ़ ग्रस्त लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री उपलब्ध कराने प्रत्येक मोहल्ले में टीम जाकर कर रही सर्वे

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, चित्रकूट : चित्रकूट में आयी विनाशकारी बाढ़ के बाद दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यकर्ता संगठन सचिव अभय महाजन के मार्गदर्शन में बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों में जाकर राहत और बचाव का कार्य कर रहे हैं। संस्थान के सह संगठन सचिव अनिल अग्रवाल भी बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय कर रहे हैं।

संगठन सचिव अभय महाजन द्वारा प्रमोदवन हरिजन बस्ती में बाढ़ पीड़ितों से मिलकर उन्हे दैनिक उपयोग की सामग्री वितरित किया गया। दीनदयाल शोध संस्थान के कार्यकर्ताओं के 9 समूह बनाए गए हैं जो विभिन्न वार्डो में जाकर स्थिति का जायजा लेकर आवश्यक राहत उपलब्ध करायेंगे। हर समूह में 5 से 7 कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है वो संबंधित वार्ड में जाकर बाढ़ ग्रस्त लोगों का सर्वे करते हुए उनकी आवश्यकताओं को चिन्हित कर रहे हैं, ताकि उनकी जरूरत के अनुरूप उनको लगने वाली सामग्री का टोकन उपलब्ध कराते हुए निर्धारित जगह से आवश्यक सामग्री मुहैया कराई जा सके।

इसके अलावा चित्रकूट के 9 अलग-अलग वार्डों में बाढ़ राहत-चिकित्सा शिविर आरोग्यधाम द्वारा लगाए जा रहे हैं। यह शिविर चिकित्सकों द्वारा प्रातः 7:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक सुचारू संचालित किया जा रहे हैं। जिसमें चिकित्सा सेवा, निशुल्क दवाइयों का वितरण, स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आपातकालीन सेवा को शामिल किया गया है।

कृषि विज्ञान केंद्र मझगवां एवं गनीवां के वैज्ञानिको द्वारा जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा एवं बाढ़ की स्थिति में कृषकों को पशुओं के स्वास्थ्य से संबंधित एवं फसलों में अत्यधिक जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक सलाह एवं मौसम पूर्वानुमान की जानकारी निरंतर क्षेत्र के कृषकों दी जा रही है। सभी वैज्ञानिक टीम बनाकर बाढ़ग्रस्त गांवों में जाकर किसानों से सम्पर्क कर रहे हैं।

इसके साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर विभिन्न संस्थाओं के साथ मिलकर वृहद टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है।

Related Articles

Back to top button