उत्तर-पश्चिम रेलवे पर “खेलेगा भारत – जीतेगा भारत” थीम के साथ मनाया जाएगा राष्ट्रीय खेल दिवस

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, जयपुर : उत्तर-पश्चिम रेलवे स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा भारत के महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे पर तीन दिवसीय देशव्यापी खेल अभियान का आयोजन किया जा रहा है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार दिनांक 29 अगस्त को भारत के महान हॉकी जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में इस वर्ष दिनांक 28 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक तीन दिवसीय देशव्यापी खेल अभियान का आयोजन किया जा रहा है। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के अंतर्गत इस वर्ष का मुख्य विषय “खेलेगा भारत – जीतेगा भारत” रखा गया है। इसका मुख्य उद्देश्य रेल कर्मियों और आम नागरिकों में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है। इस वर्ष के खेल उत्सव का मुख्य केंद्र “एक घंटा खेल के मैदान में” पहल है।

इसके तहत उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्यालय सहित सभी मंडलों जोधपुर, जयपुर, अजमेर, बीकानेर और कारखानों में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को खेल के मैदान में उतरकर कम से कम एक घंटा स्वेच्छा से खेल गतिविधियों या शारीरिक व्यायाम में बिताने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके अंतर्गत 28 से 30 अगस्त 2026 तक उत्तर-पश्चिम रेलवे के विभिन्न खेल परिसरों में विभिन्न खेल, फिटनेस और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा। इस आयोजन में क्षेत्रीय और मंडल स्तर पर देश के जाने-माने खेल दिग्गजों, ओलंपियनों और अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को आमंत्रित किया जाएगा, जो रेल कर्मचारियों और उनके बच्चों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगे।

उत्तर-पश्चिम रेलवे अपने सभी रेल कर्मियों और उनके परिवारों से अपील करता की है कि वे इस राष्ट्रीय उत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और “स्वस्थ भारत, समृद्ध भारत” के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें।

Related Articles

Back to top button