बाबा नीम करौली की प्रेरणा से मानव सेवा का संकल्प, बृज की रसोई ने हजारों जरूरतमंदों तक पहुंचाया पौष्टिक भोजन

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की कृपा से इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी द्वारा संचालित बृज की रसोई के तत्वावधान में रविवार को आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन वितरण सेवा का आयोजन किया गया। सेवा अभियान के दौरान निर्धन, असहाय, श्रमिक एवं जरूरतमंद परिवारों सहित करीब 2,000 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

संजय श्रीवास्तव ने अवगत कराया कि सेवा अभियान के तहत संस्था के पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन वितरित किया।

वहीं दीपक भुटियानी ने बताया संस्था का यह सेवा अभियान विगत कई वर्षों से प्रत्येक रविवार निरंतर संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक पौष्टिक भोजन पहुंचाने के साथ समाज में मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करना है।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि पवित्र श्रावण मास बाबा भोलेनाथ को समर्पित है और इस माह में किसी भूखे को भोजन कराना अपने आप में एक पुण्य सेवा है। प्रेरणास्रोत बाबा नीम करौली जी की करुणा और उनके उस संदेश से प्रेरणा मिलती है कि कोई भी जरूरतमंद भूखा न रहे। भोजन केवल पेट भरने का माध्यम नहीं, बल्कि किसी जरूरतमंद के सम्मान, आत्मसम्मान और जीवन में उम्मीद का आधार है। बाबा के आशीर्वाद से हमारी यही छोटी-सी कोशिश है कि जहां तक संभव हो, किसी जरूरतमंद तक भोजन और सेवा पहुंचती रहे। समाज के सक्षम नागरिक यदि अपनी सामर्थ्य के अनुसार इस सेवा-यज्ञ से जुड़ें, तो हम मिलकर अनेक भूखे चेहरों पर मुस्कान ला सकते हैं।

विकास पाण्डेय ने आमजन से एक रविवार अपनाइए – एक परिवार को भोजन कराइए अभियान से जुड़ने तथा यथासंभव सहयोग प्रदान करने की अपील की गई। संस्था के अनुसार, छोटे-छोटे सहयोग मिलकर किसी जरूरतमंद परिवार के लिए बड़ी राहत का कारण बन सकते हैं।

संस्था की सक्रिय सदस्य श्रीमती सुनीता सिंह ने अपने सुपुत्र सूरज सिंह के जन्मदिन का केक बच्चों के बीच काटकर मनाया और उनके साथ खुशियाँ साझा कीं।

आशीष श्रीवास्तव ने बताया आज सेवा अभियान के सफल संचालन में सी.एच. त्रिपाठी, जालिम सिंह, दीपक भुटियानी, संजय श्रीवास्तव, जगदीश सिंह, उमाशंकर यादव, विकास पाण्डेय, आशीष श्रीवास्तव, अनुराग दुबे, बलवंत सिंह, मुकेश कनौजिया, अखिलेश सिंह, गोविन्द सिंह एवं सुनीता सिंह सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। स्वयंसेवकों ने भोजन वितरण, व्यवस्था संचालन एवं विभिन्न सेवा स्थलों पर समन्वय की जिम्मेदारी संभालते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया।

अनुराग दुबे ने कहा सेवा से संस्कार, सहयोग से समाधान के संदेश के साथ बृज की रसोई का यह साप्ताहिक अभियान जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने की निरंतर पहल के रूप में जारी है।

Related Articles

Back to top button