
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, कानपुर नगर / लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाने के संकल्प के तहत शनिवार को प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा, वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान ने चंद्रशेखर आज़ाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, नवाबगंज, कानपुर में आयोजित वृक्षारोपण महाअभियान “एक पेड़ माँ के नाम 2.0” में सहभागिता कर पौधरोपण किया।

मंत्री राकेश सचान ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार पर्यावरण संरक्षण को जन अभियान का रूप दे रही है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान माँ के प्रति श्रद्धा और धरती माँ के प्रति कर्तव्य का प्रतीक है।

मंत्री ने कहा कि योगी सरकार में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है और हर विभाग, हर संस्थान इस हरित महायज्ञ में सक्रिय भागीदारी कर रहा है।

वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों की जियो-टैगिंग और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जा रही है ताकि उत्तर प्रदेश को हरित प्रदेश बनाने का सपना साकार हो सके।