
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, वाराणसी : मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी आशीष जैन की अध्यक्षता में रेल प्रशासन एवं कर्मचारी संगठन के मध्य समन्वय, संवाद तथा कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर सार्थक विचार-विमर्श करने के उदेश्य से गुरुवार 09 जुलाई, 2026, को एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस यूनियन के साथ तृतीय स्थायी वार्ता तंत्र (पी.एन.एम.) की बैठक मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित भारतेन्दु सभा कक्ष में आयोजित की गई।
इस बैठक में अपर मंडल प्रबंधक (इंफ़्रा) अजय सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (आपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ आर जे चौधुरी, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक बलेन्द्र पाल, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर (कैरेज एण्ड वैगन) अभिषेक राय, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर(समन्वय) य़शवीर सिंह, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वतीय अमित मणि त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल सामाग्री प्रबंधक नितेश अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्व, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक राजेश कुमार, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) कुंवर सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर(कर्षण ) सौरभ राठौर, मंडल विद्युत इंजीनियर (ऑपरेशन) नितीश कुमार शुक्ला,मंडल कार्मिक अधिकारी दयाशंकर प्रसाद, समेत विभिन्न शाखाधिकारी, एन.ई.रेलवे मेंस कांग्रेस के केन्द्रीय अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय, मंडल मंत्री राकेश पाल, मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार सहित वाराणसी मंडल के सभी पदाधिकारी सम्मिलित हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि यहाँ उपस्थित वाराणसी मंडल के सभी अधिकारीगण, एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधिगण,आप सभी का तृतीय स्थायी वार्ता तंत्र (पी.एन.एम.) की इस वर्ष की प्रथम बैठक में हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करता हूँ। उन्होंने कहा कि स्थायी वार्ता तंत्र रेल प्रशासन एवं कर्मचारी संगठनों के मध्य संवाद, समन्वय एवं विश्वास को सुदृढ़ करने का एक महत्वपूर्ण मंच है। यह केवल समस्याओं के समाधान का माध्यम नहीं, बल्कि पारस्परिक सहयोग, सकारात्मक विचार-विमर्श तथा बेहतर कार्य संस्कृति को विकसित करने का प्रभावी अवसर भी है। इसका उद्देश्य संरक्षित ट्रेन परिचालन,रेल राजस्व में वृद्धि तथा कर्मचारियों के कल्याण एवं कार्यस्थलों से सम्बंधित समस्याओं को दूर करना है। हमारा प्रयास है कि कर्मचारियों की समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं पर समयबद्ध, सकारात्मक तथा व्यावहारिक दृष्टिकोण के साथ विचार कर उनका यथासंभव समाधान किया जाए।
भारतीय रेल की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित रेलकर्मी हैं। उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन, निष्ठा तथा संरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण ही हम करोड़ों यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएँ प्रदान कर पा रहे हैं। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी का कल्याण, सुरक्षित कार्य वातावरण तथा कार्य संतुष्टि हमारे लिए सर्वोच्च प्राथमिकता है। मैं कर्मचारी संगठन के प्रतिनिधियों से अपेक्षा करता हूँ कि वे जनहित, संरक्षा, परिचालन दक्षता एवं संगठनात्मक विकास को ध्यान में रखते हुए रचनात्मक सुझाव प्रस्तुत करें तथा रेल प्रशासन के साथ सहयोगात्मक भावना बनाए रखें। सकारात्मक संवाद और पारदर्शी कार्यशैली के माध्यम से हम अनेक जटिल विषयों का भी सफलतापूर्वक समाधान निकाल सकते हैं।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस बैठक में होने वाले विचार-विमर्श से कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान की दिशा में सार्थक निर्णय लिए जाएंगे तथा हम सभी मिलकर वाराणसी मंडल को और अधिक सुरक्षित, सक्षम, आधुनिक एवं उत्कृष्ट बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।
इससे पूर्व वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि रेल प्रशासन कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनके कल्याण के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों से प्राप्त प्रत्येक परिवाद के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण का निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वाराणसी मंडल में पहली बार दिव्यांग रेलकर्मियों को स्कूटी उपलब्ध कराई गई तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया। कर्मचारी कल्याण के अंतर्गत इन्द्रप्रस्थ एवं काशी हॉलिडे होम का नवीनीकरण कराया गया है तथा मंडल कार्यालय की कैंटीन में वातानुकूलन (एसी) की सुविधा के साथ अन्य कर्मचारी कल्याण उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पी.एन.एम. सहित सभी द्विपक्षीय बैठकों का नियमित एवं समयबद्ध आयोजन भविष्य में भी जारी रहेगा।

एन.ई. रेलवे मेंस कांग्रेस के केन्द्रीय अध्यक्ष अखिलेश पाण्डेय ने कर्मचारियों के हितों से जुड़े 65 मुद्दों पर वृहद परिचर्चा की ओर रेल प्रशासन का ध्यान आकृष्ट करते हुए उनके शीघ्र समाधान की अपेक्षा व्यक्त की।
मंडल मंत्री राकेश पाल ने रेलवे की प्रगति में रेलकर्मियों के पूर्ण सहयोग की प्रतिबद्धता दोहराई तथा रेलवे बोर्ड एवं महाप्रबंधक स्तर से जारी निर्देशों के प्रभावी एवं त्वरित अनुपालन पर बल दिया। उन्होंने कार्यभार के अनुरूप कार्यघंटों के पुनर्निर्धारण, ट्रैक मेंटेनरों की सुरक्षा एवं सुविधाओं में वृद्धि, गैंग हट एवं जीवन रक्षक उपकरणों की उपलब्धता, रेलवे आवास एवं कॉलोनियों के रखरखाव, सामुदायिक केन्द्रों के सुदृढ़ीकरण, विभिन्न कार्यालयों एवं चिकित्सालयों में शेडयुक्त वाहन स्टैंड, प्रमुख स्टेशनों पर मनोरंजन कक्ष, पुराने बीओएस के पुनरीक्षण तथा पात्र कर्मचारियों को ओवरटाइम भुगतान सहित विभिन्न विषयों को प्रमुखता से उठाया।
बैठक सौहार्दपूर्ण एवं सकारात्मक वातावरण में सम्पन्न हुई। रेल प्रशासन एवं कर्मचारी संगठन ने कर्मचारियों के हितों, संरक्षा तथा संगठनात्मक समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर संवाद एवं सहयोग बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह ने किया ।