
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने गुरुवार छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के 41वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में गुलाचीन चंपा का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया।
राज्यपाल जी ने पौधारोपण परिसर का भ्रमण कर विद्यार्थियों द्वारा लगाए गए पौधों का अवलोकन किया तथा उनसे संवाद करते हुए पौधों के नियमित संरक्षण, सिंचाई एवं देखभाल का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रत्येक पौधे को परिवार के सदस्य की भाँति संरक्षित करने का आह्वान किया और पर्यावरण संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने पर बल दिया।
इस अभियान की विशेषता यह रही कि विश्वविद्यालय में प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय परिसर में 250 फलदार एवं पुष्पीय पौधों का रोपण किया गया। विश्वविद्यालय परिवार, अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने हरित परिसर के निर्माण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय परिसर को अधिक हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। स्कूल ऑफ एडवांस्ड एग्रीकल्चर साइंसेस एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ. हिमांशु त्रिवेदी ने परिसर में संचालित पौधारोपण अभियान की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय का यह पौधारोपण अभियान सतत रूप से जारी रहेगा और पर्यावरण संरक्षण तथा सतत विकास के लक्ष्यों की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी, कानपुर नगर के मुख्य विकास अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ), कानपुर नगर तथा अन्य वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता निभाई।
