घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम 29 रुपये बढ़े, लखनऊ में कीमत 997.50 रुपये हुई

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : केंद्र सरकार ने घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की है. रविवार 7 जून से लागू इस बढ़ोतरी के बाद लखनऊ में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 997.50 रुपये हो गई है.

इससे पहले 7 मार्च को सिलेंडर के दाम 60 रुपये बढ़ाए गए थे. ताज़ा वृद्धि के साथ फरवरी के अंत से घरेलू सिलेंडर की कीमत कुल 89 रुपये बढ़ चुकी है.

हालांकि सरकार ने इस बार वाणिज्यिक (कमर्शियल) एलपीजी सिलेंडरों और 5 किलोग्राम वाले एफटीएल (फ्री ट्रेड एलपीजी) सिलेंडरों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है. लखनऊ में 5 किलो के छोटे एलपीजी सिलेंडर (छोटू) की रीफिल कीमत रु 850 (गैस भरवाने का खर्च) लगभग है।

रिपोर्ट के अनुसार, सरकार का कहना है कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां (ओएमसी) अभी भी प्रत्येक घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर लगभग 700 रुपये का नुकसान उठा रही हैं.

सरकार के मुताबिक, यदि घरेलू एलपीजी की कीमतें जून महीने के सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (एससीपी) और आयात-आधारित मूल्य निर्धारण के अनुरूप तय की जातीं, तो 14.2 किलोग्राम वाले एक सिलेंडर की लागत 1,600 रुपये से अधिक होती.

सरकारी बयान में कहा गया है कि उज्ज्वला योजना के तहत मिलने वाले पहले चार सिलेंडर अंतरराष्ट्रीय कीमतों की तुलना में लगभग 60 प्रतिशत रियायत पर उपलब्ध हैं, जबकि गैर-उज्ज्वला उपभोक्ताओं को भी लगभग 45 प्रतिशत तक की राहत मिल रही है.

Related Articles

Back to top button