
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, नई दिल्ली : विश्व पर्यावरण दिवस–2026 के लिए रेल मंत्रालय की कार्ययोजना के अनुसार, “जलवायु परिवर्तन” विषय पर उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल द्वारा मिशन LiFE के अंतर्गत 15 मई 2026 से पर्यावरण जागरूकता एवं सतत् विकास से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का सक्रिय रूप से आयोजन किया जा रहा है।
अभियान अवधि के दौरान, रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों एवं रेलवे कॉलोनियों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाए गए, जिनका उद्देश्य जलवायु के प्रति जागरूक व्यवहार को बढ़ावा देना, एकल-उपयोग प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाना, अपशिष्ट पृथक्करण को प्रोत्साहित करना तथा सतत् जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। यात्रियों एवं रेलवे कर्मचारियों को सार्वजनिक घोषणाओं, पोस्टरों, बैनरों तथा व्यक्तिगत संवाद के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं उत्तरदायी अपशिष्ट प्रबंधन प्रथाओं के संबंध में जागरूक किया गया तथा दिल्ली मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किए गए।
स्टेशनों पर यात्रियों को “अपनी स्वयं की पानी की बोतल साथ रखें” के लिए प्रोत्साहित करने हेतु विशेष अभियान चलाए गए तथा “वन स्टेशन वन प्रोडक्ट” योजना के अंतर्गत कपड़े/जूट के बैग एवं पर्यावरण-अनुकूल उत्पादों को भी बढ़ावा दिया गया।
स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों एवं रेलवे परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाए गए। उचित अपशिष्ट पृथक्करण, प्लास्टिक अपशिष्ट में कमी तथा पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों के उपयोग पर केंद्रित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
डिस्पोजेबल प्लास्टिक बोतलों के उपयोग में कमी को प्रोत्साहित करने हेतु जल पुनर्भरण सुविधाओं तथा प्लास्टिक बोतल क्रशिंग मशीनों का निरीक्षण एवं निगरानी की गई। विक्रेताओं एवं अन्य हितधारकों को भी एकल-उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध के अनुपालन तथा पर्यावरणीय रूप से सतत् प्रथाओं को बढ़ावा देने के संबंध में जागरूक किया गया तथा विभिन्न रेलवे कॉलोनियों में पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विषयक प्रतियोगिताओं (चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी) का आयोजन किया गया।
विश्व पर्यावरण दिवस–2026 अभियान के अंतर्गत, दिल्ली मंडल द्वारा पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रमों एवं स्वच्छता गतिविधियों के साथ-साथ “एक पेड़ माँ के नाम” पहल के अंतर्गत रेलवे कॉलोनियों, सेवा भवनों एवं रेलवे परिसरों सहित पूरे दिल्ली मंडल में लगभग 6,637 पौधे लगाए गए। इस व्यापक वृक्षारोपण अभियान में मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिससे हरित आवरण बढ़ाने तथा जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने में सहायता मिली।

इसके अतिरिक्त, जल संरक्षण, ऊर्जा दक्षता, पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग), ई-अपशिष्ट प्रबंधन तथा सतत् जीवनशैली से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। रेलवे कर्मचारियों एवं स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।मंडल द्वारा यात्रियों एवं आम जनता को पर्यावरण-अनुकूल प्रथाएँ अपनाने तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में योगदान देने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।
शुक्रवार, पुष्पेश रमण त्रिपाठी मंडल रेल प्रबंधक, दिल्ली ने नई दिल्ली स्थित मंडलकार्यालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। विश्व पर्यावरण दिवस के कार्यक्रमों के तहत मंडलकार्यालय में पौधे भी लगाए गए। दिल्ली मंडल के स्टेशनों, शेड, कोचिंग डिपो और कार्यालयों में भी यह शपथ दिलाई गई। दिल्ली मंडल, सतत् जनभागीदारी एवं पर्यावरणीय रूप से उत्तरदायी रेलवे संचालन के माध्यम से पर्यावरणीय स्थिरता तथा मिशन LiFE के राष्ट्रीय उद्देश्यों के समर्थन हेतु प्रतिबद्ध है।