
राहुल यादव, मथुरा / लखनऊ : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रदेश के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने अपने प्रभार जनपद मथुरा में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने तथा प्रकृति के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति को माता के समान सम्मान दिया गया है। उन्होंने वैदिक मंत्र “माता भूमि: पुत्रोऽहं पृथिव्या:” का उल्लेख करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारी माता है और उसका संरक्षण प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का सामना करने तथा आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य प्रदान करने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण आवश्यक है।
उन्होंने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण का संकल्प भी ले। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक एवं सामाजिक चेतना को भी सुदृढ़ करने का कार्य कर रहा है।

मंत्री सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी भी हम सभी को निभानी होगी। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग के प्रति जागरूक रहने की अपील की।