
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 हेतु पीजी स्किल बेस्ड (नॉन-सीयूईटी) कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना के अनुसार इन कार्यक्रमों में प्रवेश अभ्यर्थियों की योग्यता परीक्षा में प्राप्त अंकों की मेरिट के आधार पर किए जाएंगे। प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय द्वारा निर्धारित पात्रता शर्तों के अधीन होगी।
विश्वविद्यालय ने इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन एवं कोर्स चॉइस लॉकिंग प्रक्रिया पूर्ण करने के लिए विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर आवेदन करने को कहा है। यह प्रक्रिया 24 जून 2026 तक संचालित रहेगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यूआर, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क ₹ 500 निर्धारित किया गया है, जबकि एससी, एसटी एवं पीडब्ल्यूडी वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए ₹ 300 आवेदन शुल्क तय किया गया है।
सार्वजनिक सूचना में यह भी बताया गया है कि जिन अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि तक आवेदन नहीं हो पाएगा, उन्हें ₹ 1000 विलंब शुल्क के साथ 30 जून 2026 तक पंजीकरण का अवसर प्रदान किया जा सकता है। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे आवेदन करने से पूर्व सूचना पुस्तिका (Information Bulletin) एवं प्रवेश विवरणिका (Admission Prospectus) का ध्यानपूर्वक अध्ययन करें, ताकि पात्रता, शुल्क, सीटों एवं अन्य आवश्यक दिशा-निर्देशों की सही जानकारी प्राप्त हो सके।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट bbau.ac.in नियमित रूप से देखने की अपील की है, जिससे प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित नवीनतम सूचनाओं की जानकारी समय-समय पर प्राप्त होती रहे।