
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : मुख्य न्यायाधीश, सर्वोच्च न्यायालय, नई दिल्ली के निर्देशन में सर्वोच्च न्यायालय में लंबित वादों के सुलह एवं आपसी सहमति से निस्तारण के उद्देश्य से “समाधान समारोह 2026” के अंतर्गत 21 अगस्त 2026, 22 अगस्त 2026 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन न्याय को सरल एवं सुलभ तरीके से आमजन तक पहुंचाने तथा आपसी सहभागिता के माध्यम से विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की भावना को साकार करने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
“समाधान समारोह 2026” का शुभारम्भ 21 अप्रैल 2026 से किया जा चुका है। इस अभियान के अंतर्गत माननीय सर्वोच्च न्यायालय में लंबित उपयुक्त मामलों को चिन्हित कर उनका सुलह के माध्यम से निस्तारण कराया जाएगा। विशेष लोक अदालत का आयोजन माननीय सर्वोच्च न्यायालय परिसर, नई दिल्ली में किया जाएगा।
विशेष लोक अदालत से पूर्व सुलह बैठकों का आयोजन राज्य, जिला, तालुका एवं उच्च न्यायालय विधिक सेवा प्राधिकरणों तथा मध्यस्थता केन्द्रों में लगातार किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक मामलों का आपसी सहमति से समाधान कराया जा सके।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि जिन व्यक्तियों के मामले सर्वोच्च न्यायालय में लंबित हैं, वे अपने मामलों को “समाधान समारोह” में शामिल कराने हेतु निर्धारित गूगल फॉर्म 31 मई 2026 तक भर सकते हैं। यह फॉर्म सर्वोच्च न्यायालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि इस अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी हेतु हेल्पलाइन नंबर 011-23115652 एवं 011-23116464 अथवा ईमेल speciallokadalat2026@sci.nic.in पर संपर्क किया जा सकता है।
