आत्मनिर्भर भारत हेतु टेक्नो नेशनलिज्म और इकोनोमिक पैट्रियोटिज्म को दें बढ़ावा : प्रो. राज कुमार मित्तल, कुलपति

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में सोमवार 4 मई को टेड एक्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने की। इसके अतिरिक्त विशिष्ट अतिथि के तौर पर शिशिर दीक्षित एवं डॉ.विजेंद्र चौहान, टेड एक्स मेंटर प्रो. संजय कुमार द्विवेदी, प्रो. सार्तिक बाघ, सेंटर फॉर स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन, बीबीएयू की‌ डॉयरेक्टर प्रो. जया श्रीवास्तव एवं फैकल्टी कार्डिनेटर डॉ. पारिस्मिता मोहंती उपस्थित रहीं।

विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने अपने संबोधन में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की केंद्रीय भूमिका पर विशेष जोर दिया और कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए प्रत्येक युवा को सक्रिय रूप से योगदान देना होगा। उन्होंने बताया कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण हेतु स्वदेशी वस्तुओं और विचारधाराओं को बढ़ावा देना, वोकल फॉर लोकल जैसी पहलों को अपनाना, तथा टेक्नो नेशनलिज्म और इकोनॉमिक पैट्रियोटिज्म को मजबूत करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकसित भारत का सपना तभी साकार हो सकता है जब देश की अर्थव्यवस्था 30 ट्रिलियन डॉलर के स्तर तक पहुंचे। इसके लिए युवाओं को केवल नौकरी खोजने तक सीमित न रहकर रोजगार सृजक बनना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में मौजूद असमानताओं को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम शिक्षा है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय विकास प्रक्रिया तथा समावेशी विकास में महिलाओं की भागीदारी पर प्रकाश डाला।

प्रो. जया श्रीवास्तव ने कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि जब महिलाएं सुरक्षित होंगी, तभी वे प्रगति कर पाएंगी और अपनी सामाजिक एवं कार्यस्थलीय परिस्थितियों में सकारात्मक परिवर्तन ला सकेंगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि महिलाओं को नीति निर्माण और निर्णय लेने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं में सक्रिय रूप से शामिल किया जाना चाहिए, ताकि एक सुरक्षित, समान और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।

इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों द्वारा ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक व्याख्यान प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने कार्यक्रम को बौद्धिक रूप से समृद्ध बनाया। साथ ही, विभिन्न प्रतिभाशाली कलाकारों द्वारा नृत्य, गायन, लोक नृत्य एवं जादू शो जैसी रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में उत्साह और जीवंतता का संचार किया गया।

समस्त कार्यक्रम के दौरान विभिन्न शिक्षक, गैर शिक्षण कर्मचारी, टेड एक्स टीम के सदस्य, विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोग, शोधार्थी एवं विद्यार्थी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button