
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा अवैध विक्रेताओं के विरुद्ध लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में रविवार 03 मई, 2026 को सहायक वाणिज्य प्रबंधक कृष्ण कांत यादव के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग की कैटरिंग टीम द्वारा आरपीएफ/लखनऊ के सहयोग से गाड़ी संख्या 15065 में विशेष जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान 11 अनधिकृत विक्रेताओं को बिना किसी वैध अनुमति एवं प्राधिकरण के अवैध रूप से विक्रय कार्य करते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए सभी विक्रेताओं को अग्रिम कार्रवाई हेतु आरपीएफ/लखनऊ को सुपुर्द कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, अलग कार्रवाई में 7 अन्य अनधिकृत विक्रेताओं को लखनऊ स्टेशन पर खाद्य सामग्री बेचते हुए पकड़ा गया। ये विक्रेता भी बिना वैध अनुमति के यात्रियों को खाद्य सामग्री बेच रहे थे। सभी को नियमानुसार आगे की कार्रवाई हेतु आरपीएफ के हवाले कर दिया गया।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा अवैध एवं अनधिकृत विक्रेताओं के विरुद्ध इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। यात्रियों से अनुरोध है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद्य सामग्री क्रय करें।
