
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / चंडीगढ़ : देश के स्वास्थ्य क्षेत्र में नवाचार और समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित 10वां राष्ट्रीय समिट “इन्नोवाशन एंड इंक्लूसिविटी : शपिंग इंडियाज़ हेल्थ फ्यूचर ” चंडीगढ़ में 30 अप्रैल एवं 1 मई 2026 को सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस प्रतिष्ठित समिट का उद्घाटन केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
समिट में उत्तर प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए परिवार नियोजन (फॅमिली प्लानिंग ) तथा बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चाइल्ड हेल्थ प्रोग्राम ) के क्षेत्र में अपनाई गई बेहतरीन प्रथाओं के लिए दो राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए। यह उपलब्धि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, नवाचार एवं समावेशी दृष्टिकोण को दर्शाती है।
इसके अतिरिक्त, उत्तर प्रदेश द्वारा समिट में तीन महत्वपूर्ण पोस्टर प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किए गए, जिन्हें प्रतिभागियों एवं विशेषज्ञों द्वारा सराहा गया। ये विषय निम्नलिखित रहे—
- राज्य में NAAT परीक्षण के युक्तिसंगत उपयोग
- किशोर स्वास्थ्य मंच
- रिवर्स बिडिंग के माध्यम से विशेषज्ञों की भर्ती
इन प्रस्तुतियों में राज्य द्वारा अपनाए गए नवाचारपूर्ण दृष्टिकोण, संसाधनों के कुशल उपयोग तथा सेवा वितरण में सुधार के प्रयासों को प्रमुखता से दर्शाया गया।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उ०प्र० की मिशन निदेशक डॉ. पिंकी जोवल एवं महाप्रबंधक डॉ. मिलिंद व महाप्रबंधक डॉ. सूर्यांशु ओझा द्वारा किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने राज्य में लागू की गई पहलों, नवाचारों तथा उनके सकारात्मक प्रभावों को साझा किया।
समिट में विशेष अतिथि के रूप में आराधना पटनाइक AS MD NHM एवं पुण्य सलीला श्रीवास्तव सेक्रेटरी , केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में समावेशन, तकनीकी नवाचार और नीति-निर्माण के महत्व पर अपने विचार रखे।
उत्तर प्रदेश को प्राप्त यह सम्मान राज्य सरकार एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की सतत प्रयासों, समर्पण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। यह उपलब्धि भविष्य में और अधिक प्रभावी एवं समावेशी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी।