
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : शुक्रवार 01 मई 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक समर्थ गुप्ता ने चारबाग रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीआईटी/लॉबी, बुकिंग काउंटर, एटीवीएम काउंटर, प्रतीक्षालय, द्वितीय प्रवेश द्वार स्थित पीआरएस कार्यालय तथा मुख्य पीआरएस कार्यालय का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान श्री समर्थ गुप्ता ने यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, टिकटिंग व्यवस्था, साफ-सफाई एवं कर्मचारियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने बुकिंग एवं पीआरएस काउंटरों पर यात्रियों को त्वरित एवं बेहतर सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने यात्रियों से संवाद स्थापित कर डिजिटल भुगतान प्रणाली के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा उन्हें डिजिटल माध्यमों से भुगतान करने हेतु प्रोत्साहित भी किया। उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान व्यवस्था सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समय की बचत करने वाली प्रणाली है, जिससे टिकटिंग प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनती है।एटीवीएम काउंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने यात्रियों को ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीनों के अधिकाधिक उपयोग के लिए जागरूक करने पर बल दिया, ताकि टिकट लेने में लगने वाला समय कम हो सके और कतारों में कमी लाई जा सके।

प्रतीक्षालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वच्छता, पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को यात्रियों की सुविधा के दृष्टिगत आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान संबंधित शाखाओं के कर्मचारी उपस्थित रहे।