छात्रा की दुखद मृत्यु पर बीबीएयू परिवार शोकाकुल, शरारती तत्व गलत नरेटिव से छात्रों को कर रहे गुमराह

सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने यशोधरा छात्रावास में रहने वाली इंटीग्रेटेड बीएससी एमएससी के द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है तथा शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 अप्रैल को दोपहर लगभग 3 बजे छात्रा ने बुखार की शिकायत की थी। इसके उपरांत छात्रा को विश्वविद्यालय के स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकीय परामर्श हेतु ले जाया गया, जहां डॉक्टर द्वारा आवश्यक जांच के बाद दवाइयां दी गईं तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर पुनः सूचित करने की सलाह दी गई। इसी बीच छात्रा द्वारा अपने स्थानीय अभिभावक को भी सूचित किया गया। तत्पश्चात 20 अप्रैल को सायं 5 बजकर 11 मिनट पर छात्रा 30 अप्रैल तक की छुट्टी की ऐप्लिकेशन देकर अपने स्थानीय अभिभावक के साथ चली गई।

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा छात्रा के परिजनों से संवाद स्थापित कर उन्हें सांत्वना दी गई है तथा इस दुःखद घड़ी में हर संभव सहयोग का आश्वासन भी प्रदान किया गया है। साथ ही, विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कुछ विद्यार्थियों द्वारा छात्रावास के भोजन को घटना के लिए जिम्मेदार ठहराए जाने संबंधी आरोप लगाए गए हैं। इस संबंध में प्रशासन ने बताया कि दिनांक 20 अप्रैल से अब तक यशोधरा छात्रावास की वार्डन को किसी भी छात्रा द्वारा छात्रावास भोजन के कारण स्वास्थ्य खराब होने संबंधी किसी भी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। 

कुछ शरारती तत्व इस दुखद घटना को माध्यम बनाकर गलत नरेटिव फैलाकर विद्यार्थियों को गुमराह कर रहे हैं ताकि विश्वविद्यालय परिसर में अराजकता फैलायी जा सके। विश्वविद्यालय सभी को आश्वस्त करता है कि सभी छात्रावासों में खाने-पीने और रहने की सुविधाओं का ध्यान रखा जा रहा है। अगर कोई समस्या आती भी है, तो प्रशासन उसको तुरंत संज्ञान में लेता है तथा उसका समाधान किया जाता है। उक्त घटना पर विश्वविद्यालय द्वारा एक जांच समिति का गठन किया गया है, जो कि 28 अप्रैल की रात्रि में हुये घटनाक्रम सहित इस पूरे मामले की जांच करेगी तथा जो भी दोषी पाये‌ जायेंगे उन पर कार्यवाही होगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने पुनः इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत छात्रा की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है।

Related Articles

Back to top button