
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ : निवेश के दौरान सुरक्षित विकल्पों के चयन, वित्तीय नियोजन तथा निवेशक अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार पूर्वाेत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय सभागार में वित्तीय साक्षरता एवं निवेशक जागरूकता कार्यशाला ’सेबी’ द्वारा मान्यता प्राप्त ’एवोक इंडिया फाउंडेशन’ के तत्वावधान में संपन्न हुई।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक प्रदीप पांडेय ने अपने सत्र में वित्तीय अनुशासन के महत्व, समझदारी से निवेश करने के तरीकों, निवेश में निहित संभावित जोखिमों तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रवीण कुमार द्विवेदी ने वित्तीय प्रबंधन के मूल सिद्धांतों, सुरक्षित निवेश विकल्पों, निवेश संबंधी जोखिमों तथा धोखाधड़ी से बचाव के महत्वपूर्ण पहलुओं पर उपयोगी जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं वित्तीय साक्षरता के प्रसार के साथ-साथ भविष्य की पीढ़ी को आर्थिक जोखिम से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रेलवे कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता करते हुए वित्तीय योजना, सुरक्षित निवेश तथा भविष्य की आर्थिक तैयारी से संबंधित अपने प्रश्न रखे तथा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।