
सूर्योदय भारत समाचार सेवा, लखनऊ / कानपुर : रविवार 12 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक, उत्तर रेलवे, राजेश कुमार पांडे अपने निर्धारित निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत लखनऊ पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक, लखनऊ, सुनील कुमार वर्मा एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ लखनऊ से कानपुर पुल बायाँ किनारा तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक द्वारा मार्ग में निर्माणाधीन रोड ओवर ब्रिज (ROB) एवं अंडरपास कार्यों का सूक्ष्म अवलोकन किया गया तथा रेल पथ की संरक्षा एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
महाप्रबंधक ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत मानक नगर, उन्नाव जं. एवं कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशनों पर प्रगति पर चल रहे स्टेशन उन्नयन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने यात्री सुविधाओं, सर्कुलेटिंग एरिया तथा स्टेशन मास्टर कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशन पर स्टेशन मास्टर से संवाद कर उनके रेल संचालन संबंधी ज्ञान एवं कार्यप्रणाली का आकलन भी किया।

इसके अतिरिक्त महाप्रबंधक ने गंगा पुल (ब्रिज संख्या 110, डाउन लाइन) पर दिनांक 02.04.2026 से 13.05.2026 तक प्रतिदिन 09:30 बजे से 17:30 बजे तक संचालित विशेष कार्य—स्टील ट्रफ को हटाकर एच-बीम स्लीपर स्थापित करने—का निरीक्षण किया।

इस कार्य के पूर्ण होने के उपरांत गंगा पुल पर ट्रेनों की गति में उल्लेखनीय वृद्धि संभव होगी, जिससे संचालन क्षमता एवं यात्री सुविधा दोनों में सुधार आएगा। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने उन्नाव एवं कानपुर पुल बायाँ किनारा स्टेशनों पर उपस्थित प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर कार्यों की प्रगति की जानकारी भी साझा की।